अयोध्या: भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारियों को धार देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने अयोध्या में अवध क्षेत्र के नव निर्वाचित मंडल अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की. साथ ही अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर समाज के उत्थान हेतु भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई.
धर्मपाल ने बैठक में कहा कि चुनाव से लेकर संगठन की गतिविधियों का आधार मंडल होता है, मजबूत मंडल से ही सशक्त शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की प्रभावी संरचना तैयार होती है, जो 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत का आधार बनेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में 61 सदस्यीय मंडल कार्यसमिति का गठन किया जाना है, जिसमें 15 पदाधिकारी व 46 सदस्य होंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वर्गों का, विशेषकर अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए.
प्रदेश महामंत्री ने निर्देशित किया कि मंडल कार्यसमिति की नियमित मासिक बैठकें हों और मंडल अध्यक्ष अपने प्रवास की डायरी बनाए रखें. जिन मंडलों में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां शीघ्र कार्यसमिति का गठन अनिवार्य किया जाए.
अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में धर्मपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत गढ़ा जा रहा है, जिसमें सभी वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है. भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए देश को विकसित बनाने का कार्य कर रही है.
उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए गुंडों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दिया, जिससे अनुसूचित जातियों का सबसे अधिक शोषण हुआ। सपा शासन में महिलाओं की सुरक्षा, भूमि पर अवैध कब्जे और भय का माहौल आम था। भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अनुसूचित वर्ग के बीच जाकर पार्टी की योजनाओं और कल्याणकारी कार्यों की जानकारी पहुंचाएं.
क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने कार्यकर्ताओं से समन्वय के आधार पर मंडल कमेटियों के गठन और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में जुटने की अपील की.
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व अंबेडकर नगर प्रभारी पद्मसेन चौधरी, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, ब्लॉक प्रमुख संघ जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
भाजपा की यह पहल संगठनात्मक सशक्तिकरण के साथ ही सामाजिक समरसता और वर्गीय सहभागिता को भी मजबूती देने का संकेत है.