शनिवार सुबह महाराष्ट्र सीमा से लगे करौली घाट में दापोरा गांव के संगम डिजिटल बैंड का वाहन पलट गया। जिससे वाहन में सवार गायक सोले पुत्र सुल्तान शाह 24 वर्ष निवासी दापोरा की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस वाहन में बैंड पार्टी के 22 लोग सवार थे। इनमें से 13 लोग घायल हुए हैं।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगम बैंड के मालिक युनूस शाह भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे महाराष्ट्र के आकोट जिले के भीलखेड़ा में दुर्गा मूर्तियों का विसर्जन कराने गए थे। वहां से लौटते समय घाट में अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया।
उन्होंने वाहन को रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन पलट गया। बताया गया है कि यदि वाहन नहीं पलटता तो कई फीट गहरी खाई में जा गिरता। जिससे कई लोगों की जान जा सकती थी। वाहन में सवार रहे बैंड के सदस्य किशोर करवाले ने बताया कि अधिकांश घायल दापोरा गांव के हैं, जबकि कुछ जसोंदी व आसपास के गांव के हैं। मृतक सोहेल प्रतिभावान गायक था। सूचना मिलने पर भाजपा विधायक अर्चना चिटनिस दोपहर एक बजे घायलों का हालचाल जानने जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि घायलों के उपचार में कोई कसर न रखें।
ये लोग हुए घायल
इस दुर्घटना में मिथुन पुत्र देवीदास निवासी बोरसल, मुकेश तायड़े, रेहान पुत्र अयूब, आफताब पुत्र असलम, आकाश पुत्र पुरुषोत्तम, शाहिद पुत्र सलीम, सागर पुत्र ध्यानेश्वर, हर्षल पुत्र उत्तम, सिद्धार्थ पुत्र सुधाकर, अमोल पुत्र बाड़ू और विशाल पुत्र मधु घायल हुए हैं। इनमें से तीन लोगों को ज्यादा चोट आई है। घायलों ने बताया कि दुर्घटना के बाद उन्होंने एम्बुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन करीब ढाई घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। सूचना पाकर जसोंदी गांव के लोग पहुंचे और घायलों को निकाल कर किनारे लिटाया।