बिहार बीजेपी को चुनाव से पहले बड़ा झटका, विधायक मिश्री लाल की सदस्यता रद्द

पटना:- बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी विधायक मिश्री लाल यादव की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। बिहार विधानसभा सचिवालय ने यह कार्रवाई मारपीट और डकैती के एक पुराने मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद की है।मिश्री लाल यादव को दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के समैला गांव में 2019 की एक घटना में दोषी पाया गया। 30 जनवरी 2019 को स्थानीय निवासी उमेश मिश्र ने एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 29 जनवरी की सुबह टहलते वक्त उमेश मिश्र को मिश्री लाल यादव, सुरेश यादव और 20-25 अन्य लोगों ने घेर लिया। गाली-गलौज और धमकी दी गई। विरोध करने पर मिश्री लाल ने फरसे से सिर पर वार किया और सुरेश यादव ने लाठी-डंडे से पिटाई की। उमेश मिश्र की जेब से 2300 रुपये भी निकाल लिए गए थे।इस मामले में कोर्ट ने 27 मई 2025 को मिश्री लाल को दो साल की सजा सुनाई। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी।मिश्री लाल यादव 2020 में वीआईपी पार्टी के टिकट पर केवटी से विधायक बने थे। बाद में उन्होंने वीआईपी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। अब उनकी सदस्यता खत्म होने से बीजेपी को चुनाव से ठीक पहले सियासी झटका लगा है।

Advertisement
Advertisements