बिहार कला पुरस्कार 2025: 52 कलाकार सम्मानित, 6 को राष्ट्रीय पुरस्कार

बिहार की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पटना के होटल मौर्या में ‘बिहार कला पुरस्कार 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विभागीय मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए चयनित 52 उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया।

सम्मानित कलाकारों को कुल ₹27,72,000 की राशि, प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट किए गए। इस मौके पर कलाकारों की उपलब्धियों को दर्शाती स्मारिका का भी विमोचन किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री, मंत्री, विभागीय सचिव और अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कला केवल सृजन का माध्यम नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बिहार में अंगिका, मैथिली, मगही, बज्जिका और भोजपुरी जैसी भाषाओं में कला सृजन जारी है, जिसे राज्य का सांस्कृतिक पंचामृत कहा जा सकता है। विभागीय मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने घोषणा की कि अब यह आयोजन हर साल नियमित रूप से किया जाएगा।

समारोह में 18 नवोदित कलाकारों को 25,000 रुपये, 22 स्थापित कलाकारों को 50,000 रुपये, 6 कलाकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार और 6 कलाकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। सभी को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका कल्पना पटवारी ने भिखारी ठाकुर का ‘बेटी बेचवा’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर किया।

राष्ट्रीय पुरस्कार की श्रेणी में प्रदर्श कला और चाक्षुष कला के विभिन्न कलाकारों को सम्मानित किया गया। लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार में भी उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को शामिल किया गया। इस आयोजन से बिहार के कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों को बधाई दी और कहा कि राज्य की फिल्म नीति और कला को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों का सम्मान और विकास निरंतर जारी रहेगा। यह पहल बिहार के युवा कलाकारों के लिए एक प्रेरणा और अवसर का स्रोत साबित होगी।

Advertisements
Advertisement