बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर BJP ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है। सत्ता में आने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है और इसी कड़ी में पार्टी ने घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) को अंतिम रूप देने के लिए ‘सुझाव यात्रा’ शुरू करने का फैसला किया है। यह यात्रा 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक राज्य के हर जिले में आयोजित की जाएगी।
पार्टी की ओर से बताया गया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता से सीधे संपर्क कर उनके सुझाव और फीडबैक लेना है। पार्टी किसान, छात्र, महिलाएं और अन्य समूहों के साथ संवाद करेगी, ताकि उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा जा सके। इस प्रक्रिया के जरिए ही पार्टी अपने चुनावी घोषणापत्र को तैयार करेगी।
BJP मंत्री प्रेम कुमार ने बताया कि यह अभियान ‘घर-घर जन संपर्क’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मकसद केवल वोट मांगना नहीं है, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है। इस यात्रा के दौरान पार्टी फीडबैक पंजीकरण के लिए वेबसाइट, QR कोड और व्हाट्सएप/मिस्ड कॉल सेवाओं का भी उपयोग करेगी।
पार्टी प्रवक्ता सुरेश रंगुता ने कहा कि यात्रा की शुरुआत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा में हर व्यक्ति की राय को ध्यान में रखा जाएगा और किसी को भी बाहर नहीं रखा जाएगा।
साथ ही पार्टी अपने पिछले पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करेगी, ताकि लोगों को सरकार की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली का सही आकलन मिल सके। राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि इतनी व्यापक जनसंपर्क और विचार-विमर्श की प्रक्रिया राजनीतिक दलों में अनोखी है। उनका कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं और सुझावों के आधार पर प्रभावी नीति बनाना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम BJP के लिए चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने और जनता के साथ भरोसा कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। जनता के सुझावों के आधार पर तैयार होने वाला घोषणापत्र पार्टी की चुनावी पकड़ को और मजबूत बनाएगा।