मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा सड़कों पर उतर आई। रतलाम में बुधवार को महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जीतू पटवारी का पुतला पहले कालिख पोतकर जूतों से पीटा गया और फिर उसे जलाकर विरोध जताया गया।
पटवारी ने हाल ही में एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। इस टिप्पणी को लेकर प्रदेशभर में नाराजगी फैल गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि मध्यप्रदेश की संस्कृति और परंपराओं पर भी सीधा हमला है।
रतलाम में विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के नेतृत्व में एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने पटवारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने साफ कहा कि वे इस तरह का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगी।
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच महिलाओं के प्रति संकीर्ण और दूषित है। उनका कहना था कि जब देशभर की महिलाएं हर तालिका तीज जैसे पर्व पर श्रद्धा और आस्था के साथ निर्जला व्रत रखती हैं, उस दिन प्रदेश की मातृ शक्ति पर शराब पीने का तंज कसना बेहद शर्मनाक है।
भाजपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि अगर जीतू पटवारी सार्वजनिक रूप से महिलाओं से माफी नहीं मांगते हैं, तो उनका प्रदेशभर में इसी तरह विरोध किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता महिलाओं का सम्मान करने वाली नहीं है और यही वजह है कि जनता अब कांग्रेस की असली सोच पहचान चुकी है।
इस बीच, भाजपा ने ऐलान किया है कि पटवारी के रतलाम आगमन पर उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध जताया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में यह मामला गर्मा गया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और तूल पकड़ सकता है।