Vayam Bharat

भाजपा ने असली आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया: विष्णुदेव साय

मानपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के बीच सियासी बयान बाजी का सिलसिला भी जारी है। इसी घड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए राजनांदगांव जिले के मानपुर पहुंचे। जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस पर निशाना साधा।

Advertisement

 

सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासियों की बहुत दिनों से मांग थी कि छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री एक आदिवासी होना चाहिए। इस मांग को भाजपा ने, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया। एक असली आदिवासी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। कांग्रेस ने एक नकली आदिवासी अजीत जोगी को मुख्यमंत्री बनाया था, जो बाद में जांच में नकली आदिवासी निकले। आज एक असली आदिवासी मुख्यमंत्री आप सभी से आशीर्वाद लेने आया है। सभी को आशीर्वाद देना है, मानपुर का तीव्र गति से विकास करना है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारी पार्टी है। तभी तो उनके पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं और वो आम लोगों तक केवल 15 पैसा पहुँचता है। मतलब साफ़ है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस और भूपेश बघेल को घेरते हुए श्री साय ने कहा कि कांग्रेस लबरा पार्टी है, ठगरा पार्टी है। कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया।

 

उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। पहले गंगा मैया का अपमान किया, फिर महादेव के नाम को भी भूपेश बघेल ने नहीं छोड़ा। महादेव सट्टा एप निर्बाध रूप से चले इसके लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा, एफआईआर भी दर्ज हुआ। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उनको ऐसे हराना है कि राजनांदगांव की तरफ नजर भी न उठा सके। पूरे पांच साल की सरकार में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपमानित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। जेल में चक्की पीस रहे हैं। जमीन पर सो रहे हैं, मच्छर काटने से परेशान हैं। छः महीने से एक साल हो गए उनका जमानत नहीं हो रहा है। आज भी कई भ्रष्ट अधिकारी जेल गए हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को जीरो में आउट करना है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। क्योंकि एक गरीब ही दूसरे गरीब के मर्म को समझता है। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। आज मोदी जी दुनिया में कहीं भी जाते हैं तो लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। रूस और अमेरिका के राष्ट्रपति भी चाहते हैं कि मोदी जी से मुलाकात हो जाए।

 

Advertisements