लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने राजधानी की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में जलभराव और टूटी-फूटी सड़कों की समस्या का जिक्र करते हुए नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। विधायक ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और लापरवाहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
राजेश्वर सिंह का कहना है कि हाल की बारिश ने लखनऊ की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बारिश होते ही कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है। नालियां जाम हैं, सड़कों पर गड्ढे उभर आते हैं और सफाई का काम समय पर नहीं होता। हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को कोई राहत नहीं मिलती।
विधायक ने अपने पत्र में लिखा कि गोमतीनगर विस्तार, इंदिरानगर, हजरतगंज और सरोजनी नगर जैसे क्षेत्रों में जलभराव हर साल आम समस्या बन गई है। इससे आवागमन बाधित होता है, बीमारियों का खतरा बढ़ता है और शहर की छवि धूमिल होती है। उन्होंने नगर निगम और विकास विभाग की तत्काल समीक्षा कराने की सिफारिश की।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि एक उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग समिति बनाई जाए, जिसमें स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हों। यह समिति नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और ड्रेनेज व्यवस्था पर नजर रखे और समयसीमा के भीतर गुणवत्ता सुनिश्चित करे।
राजेश्वर सिंह ने पत्र में लिखा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है और यहां की स्थिति पूरे प्रदेश की छवि को दर्शाती है। बारिश में डूबा शहर और परेशान जनता राजधानी की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने सीएम योगी से अपील की कि लापरवाह अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई हो और दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन योजना तैयार की जाए, ताकि राजधानी को बेहतर ढांचे और सुरक्षित वातावरण के साथ विकसित किया जा सके।