Left Banner
Right Banner

BJP विधायक रेणुका बोलीं- सरकार में भी रावण हैं, कांग्रेस ने मांगा नाम

छत्तीसगढ़ के भरतपुर-सोनहत से बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह एक बार फिर अपने बिगड़े बोल के लिए सुर्खियों में आ गई हैं। रेणुका सिंह ने कहा कि हम हर साल रावण जलाते हैं, लेकिन रावण कभी मरता नहीं। हमारे मन में भी रावण है, घर में भी रावण है और सरकार में भी रावण है।

रेणुका सिंह का विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पूछा कि जनता जानना चाहती है कि आपकी सरकार में कौन रावण है। सरकार में जो रावण है, उसका नाम बताइए। अगर समाज में सरकार में आपको रावण दिखता है, तो बताइए वह किसके संरक्षण में पल रहा है?

रेणुका सिंह इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुकी हैं। इनमें मैं अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट से ठोकना अच्छी तरह जानती हूं, सोनिया गांधी को धक्के मारकर इटली भेज दो, सीईओ और तहसीलदार को बेल्ट से पीटने और सूली पर टांगने और पुलिस का एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में देना जानती हूँ जैसे बयान शामिल हैं।

जानिए रेणुका सिंह ने कहां दिया विवादित बयान ?

दरअसल, दशहरे पर भाजपा विधायक रेणुका सिंह की ओर से सोनहत मिनी स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन कराया गया था। रावण दहन के दौरान मंच पर रेणुका समेत कई भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।इसी बीच रेणुका सिंह जनता और नेता-कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं, तभी उन्होंने सरकार में रावण होने की बात कही।

रेणुका सिंह के बयान के बाद भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पूछा कि अगर सरकार में भी रावण है और समाज में भी रावण है, तो जनता जानना चाहती है कि आपकी सरकार में वह कौन सा रावण है जो जनता का हक निगल रहा है?

पहला केस- बेल्ट खोलकर अच्छे से ठोकना जानती हूं

पहला मामला सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले का है। उस वक्त रेणुका सिंह केंद्रीय राज्यमंत्री थीं। भाजपा समर्थक ने बलरामपुर के क्वारेंटाइन सेंटर में लगे अफसरों पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस पर रेणुका सिंह ने अधिकारियों से कहा था कि मैं अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट खोलकर अच्छे से ठोकना जानती हूं।

रेणुका ने कहा था कि सांसद भर रहती तो पूरे टाइम अपने क्षेत्र में रहती, लेकिन मंत्री भी हूं इसलिए दिल्ली में भी रहना पड़ता है। देश की बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में यह मत समझिए कि जनता या हमारे कार्यकर्ता यहां निरीह हो गए हैं। सरकार जिंदगी बचाने के लिए कितना पैसा खर्च कर रही है, आप लोग पढ़े लिखे अफसर कर्मचारी हैं, कभी सुने थे कि ट्रेन बंद हुई है।

दूसरा केस- सोनिया गांधी को धक्के मार कर इटली भेजना चाहिए

दूसरा मामला भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र का है। चुनाव के वक्त कांग्रेसियों ने बाहरी प्रत्याशी बताया था। इस पर पलटवार के दौरान विवादित बयान दिया था। रेणुका सिंह ने कहा था कि पहले सोनिया गांधी को धक्के मारकर इटली भेजें, उसके बाद मुझसे सवाल करें।

तीसरा केस- बेल्ट से पीटना और सूली पर​ टांगना जानती हूं

वहीं तीसरा केस सरगुजा का है। इस दौरान रेणुका सिंह ने अफसरों को बेल्ट से मारने और सूली पर चढ़ाने की धमकी दी थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में रेणुका सिंह बलरामपुर CEO और तहसीलदार को कह रहीं थी कि सूली पर लटका दूंगी। बेल्ट से पीटना भी आता है।

चौथा केस- एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में देना जानती हूं

चौथा मामला भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र का है। विधानसभा चुनाव के वक्त रेणुका सिंह ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ‘मैं वो नेता हूं कि जो मेरे कार्यकर्ता की एक उंगली काटेगा तो मैं उसका एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में देना जानती हूं।

Advertisements
Advertisement