Vayam Bharat

मुरैना: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की हत्या, लड़की के घर टूट पड़े आरोपी, 4 घायल

मुरैना। चिन्नौनी थान क्षेत्र के तिंदोखर गांव में शुक्रवार की देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे के घर पर जाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, वह एक अन्य भी लाठियों के हमले में घायल हो गया। सूचना के बाद चिन्नौनी, कैलारस, सबलगढ़ थाने का फोर्स गांव तिंदोखर गांव में तैनात हो गया है।

Advertisement

 

मिली जानकारी के अनुसार तिंदोखर गांव के गंगासिंह परमार और रिटायर फौजी बहादुर सिंह सिकरवार के पक्षों के बीच शुक्रवार की शाम को कहासुनी हो गई। यह विवाद एक पक्ष की युवती को लेकर हुआ है। इसे लेकर दोनों में शाम के समय मुंहवाद हुआ था, लेकिन रात साढ़े 8 बजे के करीब यह विवाद खूनी संघर्ष में तब बदल गया, जब परमार पक्ष के पांच-सात लोग बंदूकें लेकर सिकरवार परिवार पर हमला करने चले गए।

घर के बाहर ही सिकरवार परिवार के पुरुषों को घेरकर बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। अंधाधुंध फायरिंग में एक गोली 30 साल के राहुल पुत्र रामवीर सिंह सिकरवार के सीने में जा धंसी। राहुल के अलावा सतेंद्र उर्फ गुड्डू पुत्र उदयभान सिंह उम्र 40 साल, विजय सिंह पुत्र रामचरण सिंह भी गोली लगने से घायल हुए हैं। वहीं सौरभ सिंह नाम का युवक लाठियों के हमले में लहूलुहान हो गया।

अस्‍पताल में राहुल को किया मृत घोषित

घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां राहुल सिकरवार को मृत घोषित कर दिया गया। इस विवाद के बाद पूरा गांव पुलिस छावनी बन गया है। बताया गया है, कि आरोपितों ने 10 से 12 फायर किए हैं, पुलिस को मौके से पांच खाली कारतूस मिले हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान लेकर प्रकरण दर्ज करने में जुटी थी।

Advertisements