Vayam Bharat

भाई अपनी बहन को शादी में देना चाहता था टीवी और अंगूठी, पत्नी को यह बात नहीं आई रास, अपने भाइयों को बुलाकर करवा दी युवक की हत्या

बाराबंकी में एक भाई की बहन की शादी के मंडप में हत्या कर दी गई। भाई बहन को LED TV और सोने की अंगूठी गिफ्ट में देना चाहता था। इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। पत्नी ने मायके से अपने भाइयों को बुलाया, जिससे विवाद और बढ़ गया।

Advertisement

पत्नी के भाइयों ने आंगन में लगे मंडप में लाठी डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद पुलिस ने पत्नी, साले समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पूरा मामला बड्डूपुर थाना के सहरी मजरे झरसावा गांव का है। यहां के रहने वाले चंद्र प्रकाश मिश्र की बहन पूजा का विवाह 26 अप्रैल को होना है। शादी की तैयारियों में चंद्र प्रकाश भी लगा हुआ था। घरवालों के साथ शादी के सामान की खरीदारी कर रहा था। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंगलवार से शादी की रस्में भी शुरू हो गई थीं।

रिश्तेदारों का आना भी शुरू हो गया था। परिवार की ओर से बहन को दिए जाने वाले गिफ्ट के अलावा चंद्र प्रकाश बहन को LED TV और बहनोई को सोने की अंगूठी गिफ्ट में देना चाहता था। ननद को दिए जाने वाले इस गिफ्ट का चंद्र प्रकाश की पत्नी क्षमा विरोध कर रही थी।

इस बात को लेकर कुछ दिनों से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम को घर में मंडप कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान चंद्र प्रकाश ने बहन को टीवी और अंगूठी देने की बात कही। इस बात पर पत्नी भड़क गई और उसने मायके से भाइयों को बुला लिया।

शादी के घर में ही दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
क्षमा का भाई 5-6 दोस्तों के साथ चंद्र प्रकाश के घर पहुंचा, तो हंगामा बढ़ना शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवाज सुनकर हम लोग पहुंच गए। दोनों को समझाना शुरू किया। इसी बीच चंद्र प्रकाश के घरवालों ने कहा कि यह हमारे घर का मामला है। इसमें किसी और हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्षमा इस बात पर और गुस्सा हो गई। चंद्र प्रकाश को पीटने के धमकी देने लगी। यह सुनकर चंद्र प्रकाश ने भी भड़क गया। इसी बीच क्षमा के भाई उसे लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। मंडप में ही उसको इतना बुरी तरह से पीटा। चंद्र प्रकाश बेहोश हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई।

परिवार वालों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो चंद्र प्रकाश बेहोशी की हालत में पड़ा था। पुलिस उसे CHC घूंघटेर लेकर पहुंची। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मगर जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

Advertisements