MP में डेढ़ महीने बाद भी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष का नाम तय नहीं, 18 दावेदारों के बीच मुकाबला

मध्य प्रदेश में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरे डेढ़ महीने पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। प्रदेश में करीब 16 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए थे, जिन्होंने एक साथ छह पदों के लिए ऑनलाइन मतदान किया था। अब माना जा रहा है कि अक्टूबर के पहले पखवाड़े में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी। साथ ही महासचिव, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे।

गौरतलब है कि झाबुआ से विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया को पद से हटाने के बाद संगठन ने मितेंद्र सिंह को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया था। इसके करीब एक साल बाद चुनाव कराए गए। 20 जून से 19 जुलाई तक सदस्यता अभियान चला, जिसमें बने हर सदस्य को छह पदों के लिए मतदान का अधिकार दिया गया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कराई गई।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जबलपुर विधायक और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के पुत्र यश घनघोरिया सहित कुल 18 दावेदार मैदान में हैं। वहीं प्रदेश महासचिव पद के लिए 182 लोगों ने दावेदारी पेश की है। इसी तरह जिला अध्यक्ष, महासचिव, ब्लॉक और विधानसभा स्तर के पदों के लिए भी मतदान हुआ।

संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि सदस्यों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। जिनकी सदस्यता अमान्य पाई जाएगी, उनके वोट को भी निरस्त कर दिया जाएगा। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी के अनुसार प्रक्रिया अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह या पखवाड़े तक नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी।

चुनाव नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निगाहें अब दिल्ली हाईकमान पर टिकी हुई हैं। सभी दावेदार अपने-अपने स्तर पर सक्रिय हैं और संगठन में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश की राजनीति में इस घोषणा का बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

Advertisements
Advertisement