Vayam Bharat

कबाड़खाने के मालिक के घर पर चला बुलडोजर, गोदाम में विस्फोट का NIA करेगी जांच, मलबे में अपनों को तलाश रहे लोग

जबलपुर में गुरुवार को कबाड़खाने में विस्फोट के बाद करीब 500 फीट ऊपर तक धुएं का गुबार उठा। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामले की जांच NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की टीम करेगी। रक्षा विभाग से संबंधित विस्फोटक पदार्थ होने की आशंका के चलते टीम आ रही है।

Advertisement

विस्फोट खजरी-खिरिया बाइपास पर मोहम्मद शमीम के कबाड़खाने के गोदाम में हुआ। मलबा हटाने का काम जारी है। कल दो शव मिले थे। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। विस्फोट के बाद लापता हुए लोगों के इंतजार में परिजन घटनास्थल पर बैठे हैं। एनडीआरएफ और नगर निगम की टीम मलबा हटा रही है।

कबाड़ी मोहम्मद शमीम के सैफी नगर स्थित पर पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची है। तीन जेसीबी से बिल्डिंग के सामने का हिस्सा तोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद शमीम ने शहर के कई इलाकों में बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बनवा रखी हैं।

गोदाम मालिक परिवार समेत फरार, सुपरवाइजर पकड़ाए

अभी तक मिले दो शवों में से एक की पहचान ग्राम इंद्राना निवासी भोला के रूप में हुई है, जबकि एक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मोहम्मद खलील नाम का शख्स लापता है। उसके परिजन घटनास्थल पर बैठे हैं। गोदाम मालिक मोहम्मद शमीम और उसके परिजन फरार हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों लोग इसी कबाड़ में सुपरवाइजर का काम करते थे।

नगर निगम की स्क्रैप बसों को काटा जा रहा था

खजरी-खिरिया बाइपास पर मोहम्मद शमीम की रजा मेटल नाम की फैक्ट्री है। यहां कबाड़ का स्टॉक किया जाता था। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में प्रतिदिन करीब 25 से 30 कर्मचारी काम करते थे। दो महीने से फैक्ट्री में 100 से अधिक स्क्रैप बस आई थी, जो कि नगर निगम की थीं। इन बसों को काटने का काम यहां पर दो महीने से चल रहा था। काम लगभग खत्म हो चुका था। इस वजह से कर्मचारियों के यहां आने की संख्या 8 से 10 हो गई थी। धमाके के बाद कुछ कर्मचारी तुरंत मौके से भाग गए थे।

Advertisements