Vayam Bharat

रायपुर की लेडी डॉन के परिवार पर आरोप: नशीली टैबलेट्स बेचने से रोकने पर जलता सिलेंडर फेंका, मोहल्ले वालों ने कहा-छत से पत्थर-बम भी फेंके

रायपुर के मौदहापारा इलाके में दो पक्षों के बीच मंगलवार रात को बवाल हो गया है। इस दौरान एक पक्ष ने जलता हुआ सिलेंडर अपने विरोधियों पर फेंक दिया। बताया जा रहा है विवाद एक घर से नशे की गोली बेचने से रोकने पर शुरू हुआ। स्थानीय लोगों ने खुलेआम चल रहे नशे के कारोबार का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

Advertisement

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस विवाद के पीछे लेडी डॉन मुस्कान रात्रे के परिवार के लोग हैं। जिस घर से सिलेंडर फेंका गया, वह उसी का घर बताया जा रहा है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि इसके बाद इलाके में जमकर बवाल मचा।

छत से पत्थर और बम फेंके गए

घटनास्थल के पास रहने वाली आलिया ने बताया कि विवाद शाम के वक्त हुआ। नाबालिग लड़के नशीली टैबलेट्स बेच रहे थे। तभी उनके बीच विवाद होने लगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने खुलेआम चल रहे नशे के कारोबार का विरोध किया, तो दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। तभी मुस्कान रात्रे के घर की छत से 4-5 लोगों ने बम जलाकर मोहल्ले में फेंकना शुरू कर दिया।

छत से जलता हुआ सिलेंडर नीचे फेंका

वे पत्थर और कांच की बोतलें भी अड़ोस-पड़ोस के घरों पर फेंकने लगे। इसी बीच छत से जलता हुआ सिलेंडर नीचे फेंका गया, ताकि आसपास के घरों में एक बड़ा ब्लास्ट हो जाए। सिलेंडर में तेजी से आग भी लग गई, लेकिन जमीन पर गिरते ही वो बुझ गया। इस तरह बड़ी घटना होने से बच गई।

प्रदर्शन करते हुए थाने पहुंच गए लोग

इस घटना के बाद स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन करते हुए थाने पहुंच गए। मौके पर ASP सिटी अनुराग झा, CSP योगेश साहू, 4 थानेदार समेत भारी पुलिस बल तैनात था। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया। मामले में पुलिस ने बलवा, हत्या की कोशिश, घर में घुसकर मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

इनमें अंकुश रात्रे, मीरा रात्रे, विक्की यादव, आशीष सारथी और कपिल तिवारी समेत सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक नाबालिग भी है।

कुत्ते छोड़ देती थी तो कभी सिलेंडर खोलकर बैठ जाती है

जिस मुस्कान रात्रे के घर की छत से सिलेंडर और पत्थर फेंके गए वह पति के साथ मिलकर नशी टैबलेट बेचने का काम करती है। तीन महीने पहले रायपुर पुलिस ने लेडी डॉन और उसके पति को गिरफ्तार किया थे। मुस्कान इतनी खतरनाक है कि पुलिस जब भी उसे गिरफ्तार करने जाती तो कभी कुत्ते छोड़ देती थी तो कभी गैस सिलेंडर खोलकर उस पर बैठ जाती।

Advertisements