कार ने बुलेट को मारी टक्कर, युवक की मौत:बिलासपुर में देर रात घर लौट रहा था, इलाज के दौरान तोड़ दम

बिलासपुर में तेज रफ्तार कार ने बुलेट सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक देर रात घर लौट रहा था, तभी अनियंत्रित कार ने उसे अपने चपेट में ले लिया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मोपका के राधा विहार कॉलोनी निवासी सौम्य शर्मा (22) प्राइवेट जॉब करता था। सोमवार की रात वो किसी काम से निकला था। रात करीब 12.30 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। जब वह अशोक नगर चौक स्थित आरके पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था, तो तेज रफ्तार कार ने उसकी बुलेट को टक्कर मार दी।

अपोलो अस्पताल में हुई युवक की मौत

इस हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। जहां बाइक सवार युवक खून से लथपथ बेहोश पड़ा था। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही युवक के परिजन को दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कार जब्त कर ड्राइवर पर FIR

मृतक युवक के जीजा शिवराज शिवा पांडेय ने मामले की शिकायत सरकंडा थाने में की। हालांकि, पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Advertisements
Advertisement