टीकमगढ़। बड़ागांव थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग को घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और गर्भनिरोधक दवाएं खिलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और पीड़िता की मां को गिरफ्तार किया है। मां पर अपराध की सूचना न देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब 6 महीने तक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। वह गर्भवती हो गई। उसे गर्भनिरोधक दवाएं दी गईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत नाजुक होने पर मामला सामने आया। मां ने पुलिस को सूचना नहीं दी, जिसके चलते उसे भी सह-अभियुक्त बनाया गया है।
पॉक्सो और बीएनएस धाराओं में मामला दर्ज
बड़ागांव थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 64, 64एम, 64ए, 89, 91, 92, 55 और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4, 5/6, 16, 71, 21 के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी नरेंद्र वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के बयान वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष दर्ज किए जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और उसका उपचार जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मां की भूमिका और चुप्पी के पीछे क्या कारण थे।