CGPSC घोटाला…रिटायर्ड IAS, पूर्व परीक्षा नियंत्रक समेत 5 गिरफ्तार:3 दिन CBI की रिमांड पर रहेंगे; 

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। CBI के वकील ने 14 दिन की रिमांड की अपील की। लेकिन कोर्ट ने सभी को 3 दिन की रिमांड पर भेजा है।

गिरफ्तार आरोपियों में PSC की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, PSC के पूर्व सचिव और रिटायर्ड IAS जीवनलाल ध्रुव, उनके बेटे सुमित ध्रुव, निशा कोसले और दीपा आदिल शामिल हैं। आरती वासनिक पर प्रश्न पत्र लीक करने का आरोप है। सभी आरोपी 22 सितंबर तक CBI की रिमांड पर रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी CBI ने आरती वासनिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन उस समय उन्हें छोड़ दिया गया था। अब माना जा रहा है कि, CBI को जांच में नए सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर गिरफ्तारियां की गईं।

इससे पहले 7 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस घोटाले में अब तक कुल 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले 18 नवंबर को CBI ने तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर एंड इस्पात के तत्कालीन निदेशक श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद 10 जनवरी को 5 और आरोपियों को हिरासत में लिया गया। जिनमें नितेश सोनवानी (तत्कालीन अध्यक्ष का भतीजा, डिप्टी कलेक्टर चयनित), ललित गणवीर (तत्कालीन डिप्टी परीक्षा नियंत्रक, CGPSC), शशांक गोयल, भूमिका कटियार (दोनों डिप्टी कलेक्टर चयनित) और साहिल सोनवानी (डीएसपी चयनित) शामिल हैं। ये सभी फिलहाल जेल में बंद हैं।

Advertisements
Advertisement