मध्य प्रदेश के 23 जिलों में आज बारिश के आसार, बाकी इलाकों में बढ़ेगा तापमान

मध्य प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून द्रोणिका भी उत्तर प्रदेश की तरफ चली गई है। इस वजह से बारिश के सिलसिले में कमी आ गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक दमोह में सात, श्योपुर एवं उमरिया में दो, गुना एवं मंडला में एक मिलीमीटर बारिश हुई।

मध्य प्रदेश के 23 जिलों ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर में आज बारिश हो सकती है।

बारिश का दौर थमने से दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार, रविवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। शेष क्षेत्रों में बादल छंटने के कारण धूप निकलेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि मानसून द्रोणिका श्री गंगानगर, रोहतक, शाहजहांपुर, गोरखपुर, दरभंगा, शांतिनिकेतन, कैनिंग से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। पश्चिम बंगाल और उससे लगे सिक्किम पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है। इसके अतिरिक्त हरियाणा और उसके आसपास भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है।

चार-पांच दिन तक रहेगी ये स्थिति

मध्य प्रदेश में किसी प्रभावी मानसून प्रणाली के सक्रिय ना रहने से फिलहाल बारिश की गतिविधियों में कमी बनी रहने की संभावना है। धूप निकलने के कारण अब अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगेगी। इस तरह की स्थिति चार-पांच दिन तक बनी रह सकती है।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हरियाणा और उसके आसपास एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवात मौजूद हैं। इस वजह से ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल संभाग के जिलों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। शेष क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

Advertisements
Advertisement