Vayam Bharat

सरगुजा-बस्तर संभाग में अगले 5 दिन तक बारिश के आसार: बीजापुर-सुकमा में अटका मानसून भी होगा एक्टिव; अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री गिरेगा

छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में आज से अंधड़ और बारिश की संभावना है। वहीं, आज से अगले 5 दिनों तक सरगुजा और बस्तर संभाग में बारिश के आसार हैं। रायपुर और दुर्ग संभाग में भी कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि इसी दौरान बीजापुर और सुकमा में अटका हुआ मानसून रायपुर समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में सक्रिय होगा।

Advertisement

सोमवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बलरामपुर में 41.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री नारायणपुर में रहा। अगले 24 घंटे के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। वहीं, कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत हो गई जबकि 4 लोग घायल हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान ​​​​​बस्तर में अच्छी बारिश

समुद्र से आ रही नमी के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर में कई जगहों पर अच्छी वर्षा हुई। बीजापुर में 50 मिमी तक बारिश हुई। बास्तानार में 20, लोहंडीगुड़ा, लैलुंगा और घरघोड़ा में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई।

सोमवार को राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहे। दिन का तापमान भी थोड़ा कम रहा। अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया, लेकिन गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।

सोमवार को ऐसा रहा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने के आसार नहीं है। इसके बाद दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। सोमवार को रायपुर में दिन का तापमान 38.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था।

वहीं, बिलासपुर में दिन का पारा 38.4 डिग्री, अंबिकापुर में 38.5 डिग्री तापमान रिकॉ​​​​​र्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। जगदलपुर में दिन का तापमान 34.6 डिग्री रहा, जो औसत से 2.6 डिग्री ज्यादा था। दुर्ग में दिन का पारा 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

Advertisements