चंदौली: डीडीयू नगर के औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित एक प्लास्टिक गोदाम पर उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्र के नेतृत्व में की गई छापेमारी में 10 टन से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियां जब्त की गईं। यह कार्रवाई नगर निगम वाराणसी और पर्यावरण विभाग की टीम के साथ मिलकर की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप जिलाधिकारी को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का अवैध भंडारण और व्यापार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गोदाम पर छापा मारा गया, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक बरामद की गई। जब्त किए गए प्लास्टिक को नगर निगम वाराणसी को सुपुर्द कर दिया गया है। गोदाम को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
गौरतलब है कि सरकार ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर सख्त प्रतिबंध लगाया है, लेकिन इसके बावजूद इसका व्यापार और उपयोग धड़ल्ले से जारी है। इस कार्रवाई से न केवल प्लास्टिक व्यापारियों के बीच दबाव बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी.
उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्र ने बताया कि प्रशासन प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.