रायपुर के जोन-8 में हुई तोड़फोड़ और कर्मचारियों से मारपीट की घटना के विरोध में निगम कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। सुरक्षा की मांग को लेकर उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। बुधवार को अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान निगम जोन-8 में बवाल हुआ था।
अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान अवैध तरीके से गुमटी में संचालित भोजनालय हटाने से नाराज महिला उसके बच्चों ने वाहनों और ऑफिस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने जवानों के साथ भी धक्का-मुक्की की। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट भी की।
सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर महिला पिंकी ठाकुर और बेटे शिवम और बेटी शिवानी ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अतिक्रमण के दौरान निगम कर्मियों से हुई मारपीट के बाद कर्मचारी निगम कार्यालय में सुरक्षा के लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भोजनालय तोड़ने से नाराज था परिवार
यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। रायपुर शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार प्रहरी (नगर निगम और पुलिस) की टीम कार्रवाई कर रही है। बुधवार को टीम ने रिंग रोड पर बने अवैध गुमटी, जहां ठाकुर भोजनालय संचालित था वहां अतिक्रमण हटाया।
इस कार्रवाई के नाराज भोजनालय संचालक पिंकी ठाकुर और उसके बेटे शिवम ठाकुर (23), बेटी शिवानी ठाकुर (24) लाठी-रॉड लेकर जोन-8 के निगम कार्यालय पहुंच गए। वहीं उन्होंने पहले दफ्तर के सामने खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़े। इसके बाद कार्यालय के अंदर जाकर सभी खिड़की दरवाजों में लगे कांच कुर्सी टेबल में तोड़फोड़ कर गाली-गलौज करने लगे।
12 लाख की सरकारी संपत्ति को नुकसान
नगर निगम जोन कमिश्नर की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत में बताया गया कि कर्मचारियों को जान से मार देंगे बोलकर धमकाते हुए कार्यालय के दरवाजे के कांच, टेबल कुर्सी को तोड़ा गया।
कर्मचारियों को लाठी-डंडे से मारने के लिए दौड़ाने लगे। कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। तोड़फोड़ में 10-12 लाख रुपए की शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।