मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में दैनिक जशपुरांचल की रजत जयंती स्मारिका का विमोचन किया. मुख्यमंत्री साय ने दैनिक जशपुरांचल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जशपुरांचल के संपादक विजय त्रिपाठी सहित समाचार पत्र से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक समाचार पत्र जशपुरांचल ने 25 वर्षों की इस यात्रा में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. आशा है कि जशपुरांचल इसी तरह उत्कृष्ट पत्रकारिता द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक करता रहेगा.
सीएम साय को जशपुरांचल के संपादक विजय त्रिपाठी ने बताया कि 1999 में स्थापित दैनिक जशपुरांचल ने इस वर्ष 25 वर्ष का सफर तय किया है. इसी उपलक्ष्य में जशपुरांचल की रजत जयंती स्मारिका प्रकाशित की गयी है. इस रजत जयंती स्मारिका में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पिछले 1 साल में किये गए जनकल्याण के विविध कार्यों पर केंद्रित आलेखों का संकलन किया गया है. साथ ही स्मारिका में जशपुर अंचल की संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक स्थल, एडवेंचर स्पोर्ट्स, जनजातीय विशेषता आदि से सम्बंधित रुचिपूर्ण जानकारी शामिल की गयी है.
World War 3 will be for language, not land! pic.twitter.com/0LYWoI3K0r
— India 2047 (@India2047in) July 4, 2025
इस अवसर पर प्रियंवदा सिंह जूदेव, विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनि भगत, विधायक भावना बोहरा, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.