छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडलम् का परीक्षा परिणाम जारी:12वीं में 71% छात्र पास, प्रिंसी मधुकर ने किया टॉप; मेरिट में मुस्लिम छात्रा साजिदा भी

छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडलम् की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक के लिए जारी किए गए हैं। रिजल्ट मंडलम् के सचिव राजेश पांडे ने जारी किया। 12वीं का रिजल्ट 71.01% और 10वीं का 53.49% रहा।

Advertisement

जारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष यानी 12वीं का परीक्षा परिणाम 71.01 प्रतिशत रहा है। वहीं, पूर्व मध्यमा द्वितीय यानी 10वीं का रिजल्ट 53.49 प्रतिशत दर्ज किया गया है। कक्षा 12वीं में प्रिंसी मधुकर ने टॉप किया है।

बलौदाबाजार की प्रिंसी ने 612 अंक (87.43%) हासिल किए हैं। खास बात यह रही कि इस बार की टॉप-10 सूची में एक मुस्लिम छात्रा साजिदा परवीन भी शामिल हैं। साजिदा ने 545 अंक (77.86%) प्राप्त कर संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया है। वह जांजगीर-चांपा जिले की छात्रा हैं।

नियमित छात्र (कक्षा अनुसार परिणाम):

• पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं) विद्यार्थी 1063, उत्तीर्ण 474, कुल परिणाम 44.59%

• पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) विद्यार्थी 768, उत्तीर्ण 411, कुल परिणाम 53.49%

• उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं) विद्यार्थी 561, उत्तीर्ण 317, कुल परिणाम 56.51%

• उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) विद्यार्थी 556, उत्तीर्ण 395, कुल परिणाम 71.01%

सबसे अच्छा प्रदर्शन उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) में देखने को मिला जहां कुल 556 विद्यार्थियों में से 395 पास हुए।

3058 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा

परीक्षा 2025 में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बनाए गए 36 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 3058 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं), द्वितीय वर्ष (10वीं), उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं) और द्वितीय वर्ष (12वीं) के छात्र-छात्राएं शामिल थे।

स्वाध्यायी परीक्षार्थी (कक्षा अनुसार परिणाम)

• पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं)विद्यार्थी 18, उत्तीर्ण 9, कुल परिणाम 50.00%

• पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं)विद्यार्थी 27, उत्तीर्ण 15, कुल परिणाम 55.56%

• उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं)विद्यार्थी 15, उत्तीर्ण 9, कुल परिणाम 60.00%

• उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) विद्यार्थी 50, उत्तीर्ण 31, कुल परिणाम 62.00%

ऑनलाइन देख सकते हैं

परिणाम विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या संस्थान के माध्यम से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। रिजल्ट के साथ छात्र अंकसूची और प्रमाण पत्र की जानकारी संबंधित विद्यालयों से प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

Advertisements