रायपुर : छत्तीसगढ़ में इस बार धान खरीदी का नया कीर्तिमान बना है. सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है कि ”हमारी सरकार ने धान खरीदी महापर्व में नया इतिहास रचते हुए बीते वर्ष के 144.92 लाख मीट्रिक टन के रिकॉर्ड को तोड़कर इस वर्ष 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी सफलतापूर्वक पूरी की है.”
कब मिलेगी धान खरीदी अंतर राशि : सीएम विष्णुदेव साय ने बताया है कि प्रदेश के 25.49 लाख किसानों को ₹31,089 करोड़ का भुगतान सुनिश्चित किया गया है.
जल्द ही अन्नदाताओं को अंतर की राशि भी सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी, जिससे वे उन्नति और समृद्धि की राह पर और आगे बढ़ सकें : विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी : छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव भी कह चुके हैं कि धान खरीदी अंतर की राशि किसानों के खाते में जल्द ट्रांसफर की जाएगी. छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर 2024 से धान खरीदी शुरु हुई थी. 31 जनवरी 2025 तक किसानों से 149 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदी हुई है. राज्य के 25 लाख 49 हजार पंजीकृत किसानों ने उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान बेचा है. वहीं. सरकार ने भी धान खरीदी की राशि बैंक लिंकिंग व्यवस्था के जरिए 31 हजार 89 करोड़ का भुगतान किसानों को किया है. पिछले साल 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी.