CMHO ने डॉक्टर देवेंद्र प्रताप को BMO पद से हटाया:डॉक्टर हितेश ठाकुर को जिम्मेदारी, भास्कर की खबर के बाद संचालक ने लिया था संज्ञान

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 1408 दिनों तक सेवा से एब्सेंट रहने और नियमों के विरुद्ध फिर से ज्वाइनिंग लेकर BMO बनने वाले डॉक्टर देवेंद्र प्रताप को पद से हटा दिया गया है। अब इनकी जगह डॉक्टर हितेश ठाकुर को गीदम BMO पद की जिम्मेदारी दी गई है।

दरअसल, दैनिक भास्कर की खबर के बाद संचालक (स्वास्थ्य सेवाएं) प्रियंका शुक्ला ने मामले को संज्ञान में लिया था। जिसके बाद दंतेवाड़ा CMHO अजय रामटेके ने आज 5 अगस्त को आदेश जारी कर डॉक्टर देवेंद्र प्रताप को पद से हटा दिया है।

एक दिन पहले संचालक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ प्रियंका शुक्ला ने कहा था कि, इस मामले की जांच के लिए दंतेवाड़ा CMHO से कहा गया है। कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। वहीं दंतेवाड़ा के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी जांच करने की बात कही थी

4 जुलाई को संभाला था जिम्मा

30 मई 2025 को उप संचालक (स्वास्थ्य सेवाएं) की तरफ से CMHO को एक पत्र लिखा गया था, जिसमें कहा गया था कि 21 अगस्त 2021 से डॉक्टर देवेंद्र प्रताप एब्सेंट थे। उन्होंने पारिवारिक कारण वजह बताई है। इन्हें वापस सेवा में लाने कहा गया था।

वहीं 4 जुलाई 2025 को CMHO ने इन्हें गीदम ब्लॉक का BMO (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) बनाने का आदेश जारी किया था। वहीं डॉक्टर देवेंद्र प्रताप ने BMO पद पर रहते 1 महीने सेवा दी। अब इन्हें पद से हटाकर डॉक्टर हितेश ठाकुर को BMO बनाने का आदेश जारी कर दिया गया है।

Advertisements