जांजगीर-चांपा में विधायक व्यास कश्यप और कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर गौ तस्करी का आरोप लगाया और बंद किए गए गौठानों को फिर से शुरू करने की मांग की। कांग्रेस का दावा है कि पिछले पौने दो साल में राज्य से लगभग 5 लाख गोवंश गायब हो गए हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद गौठान बंद होने से गायों की सुरक्षा प्रभावित हुई और कई गाय भूख, चारे-पानी की कमी और सड़क दुर्घटनाओं में मरी हैं।
विधायक ने कहा कि भाजपा शासन में गौ तस्करी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 2023 से पहले 10,800 गौठान शुरू किए थे, जो वर्तमान सरकार ने बंद कर दिए। इससे आवारा घूम रहे गोवंश की स्थिति खराब हुई। पिछले दो साल में 1200 से अधिक गाय भूख और चारे की कमी से, 850 से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में और 200 से अधिक जहरीला पदार्थ खाने से मरी हैं।
कश्यप ने कहा कि गायों की तस्करी कर उन्हें यूपी और महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस भेजा गया। उन्होंने मोदी सरकार के समय भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बताते हुए कहा कि इसके जरिए हर साल अरबों डॉलर की कमाई हो रही है। भाजपा शासित राज्यों में सर्वाधिक स्लाटर हाउस हैं, जिसमें गोवंश को कत्ल करने भेजा जा रहा है।
कांग्रेस ने सरकार पर गौ अभ्यारण्य या गौधाम बनाने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिखावे के लिए चारा के लिए प्रति पशुधन 10 रुपए प्रतिदिन आवंटित किए गए, जो पर्याप्त नहीं है। विधायक ने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत गोठान पुनः शुरू करे और गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार गौ पालन और संरक्षण के प्रति उदासीन है और गौ तस्करी के माध्यम से आम जनता के विश्वास को ठेस पहुंचा रही है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और केंद्र सरकार से मांग की कि गायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और अवैध तस्करी को रोका जाए।