छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को छापेमारी की। यह जांच लगभग 12 घंटे तक चली।
इस दौरान पूरे दिन बघेल के निवास के सामने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही। सुबह से लेकर रात तक राजनीतिक बयानबाजी होती रही।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को पूरे प्रदेश में पुतला दहन करने की घोषणा की है। इस घटनाक्रम से साफ संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं पर ED ने छापे मारे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं। कांग्रेस इसे ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ बता रही है, जबकि बीजेपी इसे ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ जरूरी कार्रवाई’ करार दे रही है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा, ‘ED का छापा केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध को उजागर करता है। भाजपा ED, CBI जैसी एजेंसियों को विपक्ष के नेताओं को डराने और दबाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।’
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘आज जब संसद का सत्र शुरू हो रहा है, चारों तरफ से घिरी हुई भाजपा ने हेडलाइन बदलने के लिए, देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड से भटकाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर ED की रेड करवा दी।’
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा, ‘सभी कांग्रेसजन भूपेश बघेल के साथ हैं और इससे डरने वाले नहीं हैं। बापू के मार्गदर्शन सत्य अहिंसा को मानने वाले लोग हैं, इस संघर्ष को परास्त करके रहेंगे।’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, ‘भाजपा की राजनीति अब जांच एजेंसियों के सहारे चल रही है। 7 साल पुराने झूठे केस को कोर्ट ने खारिज कर दिया, तो अब दुर्भावना से ईडी को मोहरा बना दिया गया।’
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा, ‘ईडी की कार्रवाई लोकतंत्र की सीधी हत्या है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश है। हम सब एकजुट होकर इस लोकतांत्रिक लड़ाई को लड़ेंगे।’
पूर्व सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा ने कहा, ‘भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी बनाए गए हैं। वहां उनका जिस तरह स्वागत हुआ है, उनकी धमक से भाजपा डरी हुई है।’
पढ़िए भाजपा नेताओं ने क्या कहा…..
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय न कहा, ‘सबको मालूम है कि कांग्रेस की 5 साल की सरकार में कई तरह के स्कैम हुए। जिसकी जांच सेंट्रल एजेंसियां कर रही हैं। कई लोग जेल के अंदर हैं और कई जेल जाने की तैयारी में हैं। उसी के चलते ईडी की जांच हो रही है। इसमें प्रदेश सरकार का कोई दखल नहीं है। दुर्भावनावश कार्रवाई का आरोप लगाना सही नहीं है।’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा, ‘बीजेपी के कांग्रेस की सरकार में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। केन्द्रीय एजेंसी ED एक स्वतंत्र जांच समिति है। जो अपने सोर्स के आधार पर कार्रवाई करती है। अगर किसी किस्म का कोई दोष पाया जाएगा तो निश्चित दोषी करार होंगे। और जब कर नहीं तो डर नहीं।’
डिप्टी सीएम अरुण साव बोले, ‘ये पूरा देश जान रहा है कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में कई बड़े घोटाले हुए हैं। जिनकी जांच चल रही है। चाहे वह कोयला घोटाला हो, शराब घोटाला, महादेव एप या डीएमएफ घोटाले का मामला हो।’
ऐसे बड़े घोटाले के समय वे प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके करीबी लोग गिरफ्तार हैं और मामला भी चल रहा है। ये कोई राजनीतिक विषय नहीं है। ये ईडी की कार्रवाई का हिस्सा है। अगर घोटाले में उनकी भूमिका नहीं है, तो किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस पार्टी का आरोप बेबुनियाद और निराधार है।’