छत्तीसगढ़ के महासमुंद में सिटी कोतवाली परिसर में कांग्रेस पार्षद विजय साव पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार रात की है। वार्ड नंबर 28 के पार्षद विजय साव एक बर्थडे पार्टी में हुए विवाद की रिपोर्ट दर्ज कराने अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे।
इसी दौरान विवाद के दूसरे पक्ष के शकील खान, शरीफ खान, चिरंजीवी यादव और सौरभ यादव भी वहां आ गए। थाना परिसर में दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
कमर के नीचे चाकू से वार
मामला बिगड़ा और चारों आरोपियों ने पार्षद विजय साव की कमर के नीचे चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों हमलावरों को हिरासत में ले लिया। घायल पार्षद को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पुरानी रंजीश में वारदात
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, (3) 5 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में पता चला कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा था। 2020 में पार्षद की पत्नी ने शकील और शरीफ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जिसके बाद दोनों को जेल भी जाना पड़ा था।
हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में शकील और शरीफ की मां ने पार्षद का चुनाव लड़ा था। इन्हीं कारणों से दोनों पक्षों में तनाव था।