छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार को बिल्डर चित्रसेन सिंह के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की है। भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम संस्कार सिंह (20) है। युवक ने घर के कमरे में आत्महत्या की है। सुसाइड करने वाला युवक पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी कांग्रेस नेता अजय सिंह का भतीजा है। डिप्रेशन के कारण सुसाइड की आशंका है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास युवक ग्राउंड फ्लोर से दूसरी मंजिल की ओर गया। अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया। इसके बाद उसने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक गर्दन से सटाकर गोली चला दी। बुलेट जबड़े को चीरकर निकल गई है।
इस दौरान गोली लगते ही संस्कार खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन ऊपर के कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा बंद था। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो देखा कि संस्कार सिंह फर्श पर खून में लथपथ पड़े हैं। कमरे में खून बिखरा हुआ था।
सिलेक्शन न होने के कारण था डिप्रेशन
बताया जा रहा है कि संस्कार सिंह ने 2 साल पहले 12वीं पास की थी, तब से नीट की तैयारी कर रहा था। लगातार सिलेक्शन न होने के कारण वह डिप्रेशन में था। आज वह कोचिंग के लिए भोपाल जाने वाले था, लेकिन उससे पहले ही खतरनाक कदम उठा लिया। आशंका जताई जा रही है कि सिलेक्शन नहीं होने की वजह से आत्महत्या की है।
सरकंडा थाने के टीआई नीलेश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही फोरेंसिक और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचे। बंदूक जब्त कर लिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। सुसाइड की वजह सामने नहीं आई है।