कांग्रेस नेताओं ने मंच से कहे अपशब्द:भाजपा विधायक मेंदोला बोले- राहुल के इशारे पर OBC का अपमान किया

बिहार में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इस पर भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

मेंदोला ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के इशारे पर न सिर्फ मोदी जी को, बल्कि पूरे OBC वर्ग और पिछड़े समाज को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने माताओं-बहनों का भी अपमान किया है।

विधायक मेंदोला ने एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल पहले तो खुद तू-तड़ाक कर रहे थे, अब अपने नेताओं से पिछड़ी जाति के प्रधानमंत्री को गाली दिलवा रहे हैं। मेंदोला ने सवाल किया कि पिछड़ी जाति का व्यक्ति तीसरी बार प्रधानमंत्री बना है, क्या यह बात उन्हें स्वीकार नहीं है।

मेंदोला ने कहा कि यह अपमान सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं है। यह हर उस गरीब और मेहनतकश OBC परिवार का अपमान है, जिसने संघर्ष कर अपना मुकाम हासिल किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश इस राजनीतिक गिरावट को कभी नहीं भूलेगा।

Advertisements
Advertisement