कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार: पड़ोसी से मारपीट और धमकी देने का आरोप…

जांजगीर-चांपा के जैजैपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 11 जून को उनके खिलाफ पड़ोसी से मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज हुआ था। जांच में सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 जुलाई को उनकी गिरफ्तारी की।

Advertisement

चांपा थाने में विधायक के खिलाफ उनके पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर ने शिकायत की थी कि, उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई है। AC की आउटडोर यूनिट हटाने को लेकर ये विवाद हुआ था। हालांकि विधायक ने भी पड़ोसी के खिलाफ काउंटर केस कराया था। वहीं, मामला जमानतीय होने के कारण विधायक को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इधर, जांजगीर थाने में विधायक ब्यास कश्यप समेत 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुआ है। 30 जून को जर्वे-पीथमपुर मार्ग की खस्ता हालत के विरोध में ग्रामीणों ने NH 49 पर चक्काजाम किया। विधायक कश्यप भी धरने पर बैठ गए थे, वहीं, स्कूली बच्चे भी इसमें शामिल थे। यातायात बाधित करने के खिलाफ सभी पर मामला दर्ज हुआ है।

विवाद के बाद मारपीट की भी शिकायत

घटना 10 जून की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, विधायक साहू ने उनके मकान की दीवार पर जबरन एसी का आउटर यूनिट लगवा दिया। कई बार मना करने के बाद भी उन्होंने यूनिट नहीं हटाई। जब मजदूरों से एसी हटाने को कहा, तो विधायक वहां पहुंच गए।

उन्होंने परिवार से विवाद किया और गाली-गलौज की। हेमंत ने जब मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो विधायक ने फोन छीनकर वीडियो डिलीट कर दी। विधायक ने चंद्रशेखर राठौर के जीजा हेमंत को थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी।

विधायक ने लगाया पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप

इधर, इस विवाद के बाद विधायक बालेश्वर साहू ने भी अपने पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप लगाया था। पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने इस शिकायत पर भी FIR दर्ज कर ली थी। हालांकि, इस मामले में विधायक बालेश्वर साहू की ओर से कुछ बयान नहीं आया है।

विधानसभा अध्यक्ष को भेजी जानकारी

जांच में शिकायत सही पाई गई। चांपा थाना पुलिस ने धारा 329(4), 296, 351(2), 115(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विधायक को गिरफ्तार किया। विधानसभा अध्यक्ष को गिरफ्तारी की सूचना भेज दी गई है।

विधायक ब्यास कश्यप समेत 13 लोगों पर FIR

ग्राम जर्वे 30 जून की सुबह 11 बजे चक्काजाम करने पर आने जाने वाले लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसको ध्यान में रखते हुए जांजगीर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जांजगीर थाने में अपराध दर्ज किया है। प्रकरण में जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

इनके खिलाफ FIR

  1. विधायक, व्यास कश्यप
  2. किसान नेता, संदीप तिवारी मेहदा
  3. जर्वे सरपंच, उत्तरा कश्यप
  4. उप सरपंच, योगेश कश्यप
  5. जिला पंचायत सदस्य, उमा राजेन्द्र राठौर
  6. पार्षद वार्ड नंबर 4, अरमान खान
  7. जनपद सदस्य, डिगेश्वर यादव
  8. BDC, टंकेश्वर यादव
  9. पंच जर्वे, संजय यादव
  10. गोपाल कश्यप, ग्रामीण
  11. किशोर सिंह, ग्रामीण
  12. प्रियांश तिवारी, ग्रामीण
  13. गिरधारी कश्यप, ग्रामीण
Advertisements