जीतू पटवारी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन: अशोकनगर में हुआ गिरफ्तारी सत्याग्रह, बड़े नेताओं सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

अशोकनगर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोकनगर के मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने “न्याय सत्याग्रह आंदोलन” के तहत अशोकनगर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर जीतू पटवारी ट्रैक्टर पर सवार होकर आंदोलन स्थल पर पहुंचे और नेताओं के साथ मिलकर गिरफ्तारी दी।

कार्यक्रम में जीतू पटवारी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखे हमले करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

यह आंदोलन उस एफआईआर के विरोध में किया गया, जो एक युवक को जबरन मल खिलाने की घटना के मामले में आवाज उठाने पर जीतू पटवारी पर दर्ज की गई थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सच्चाई के लिए लड़ने वालों पर मुकदमे दर्ज कराना लोकतंत्र का गला घोंटना है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ भी जमकर निशाना साधा और उन्हें जनविरोधी बताया। “न्याय सत्याग्रह” में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे यह आयोजन कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी हर अत्याचार और अन्याय के खिलाफ जनता के साथ खड़ी रहेगी, चाहे इसके लिए कितनी भी कुर्बानियां क्यों न देनी पड़ीं।

Advertisements
Advertisement