बिहार में चुनावी साल है. शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने राज्य की मौजूदा सरकार को घेरा और पार्टी के अन्य कार्यक्रमों को लेकर आगामी रणनीति पर चर्चा की. उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी राज्य में 5 लाख महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटेगी. इस सेनेटरी पैड के कवर (डब्बे) पर राहुल गांधी की तस्वीर है. सेनेटरी पैड के पैकेट पर लिखा है- माई-बहन मान योजना. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस. जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि- 2500 रुपए महीना.
बिहार में हो रही लोकतंत्र की हत्या और मोदी की वोटबंदी के खिलाफ़, तथा पार्टी के अन्य कार्यक्रमों को लेकर आगामी रणनीति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री @rajeshkrinc जी ने प्रेस को संबोधित किया।
👇 pic.twitter.com/jamMzO5zOL— Bihar Congress (@INCBihar) July 4, 2025
राजेश कुमार ने आगे कहा, बिहार के परिपेक्ष्य में महिलाओं के लिए हमने विशेष तैयारी की है. राज्य की महिलाओं को सेनेटरी पैड दिया जाएगा. ये सेनेटरी पैड प्रत्येक महिला तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए हम अभियान चलाने जा रहे हैं. उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य 5 लाख महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटना है. महिला कांग्रेस हेल्थ के लिए महिलाओं को जागरूक करेगी.
हालांकि, बीजेपी ने सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो पर ऐतराज जताया है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, सैनिटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर बिहार की महिलाओं का अपमान है. कांग्रेस एक महिला विरोधी पार्टी है. बिहार की महिलाएं कांग्रेस, आरजेडी को सबक सिखाएंगी.