Left Banner
Right Banner

पन्ना में कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियानः शहीद भगत सिंह जयंती पर शुरुआत

पन्ना: शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार, 28 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटी ने पन्ना में विशेष अभियान की शुरुआत की. इस अभियान का नाम दिया गया है – ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीस खान के नेतृत्व में यह कार्यक्रम पन्ना मुख्यालय के इतवारी बाजार से प्रारंभ हुआ. इस मौके पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मंच से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस प्रकार स्वतंत्रता संग्राम के समय भगत सिंह ने अपने साहस और बलिदान से देशवासियों को प्रेरित किया था, उसी तरह आज लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा.

अनीस खान ने बताया कि यह अभियान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उन आरोपों के बाद शुरू किया गया है, जिनमें उन्होंने बिहार और कर्नाटक में चुनाव के दौरान कथित वोट चोरी के मामले उजागर किए थे। खान ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने और जनता की आवाज को सही मायनों में जगह दिलाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर यह पहल पन्ना में शुरू की गई है.

उन्होंने आगे कहा कि पन्ना जिले में इस अभियान के अंतर्गत करीब डेढ़ लाख हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से हस्ताक्षर करवा रहे हैं। इतवारी बाजार से इस अभियान की शुरुआत हुई है, जहां पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर समर्थन जताया.

इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस विधायक श्रीकांत दुबे ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस का आंदोलन नहीं, बल्कि जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे से सहमत है, वह इस अभियान में शामिल होकर लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है. दुबे ने इसे जनता और युवाओं का अभियान बताते हुए कहा कि भविष्य का भारत तभी मजबूत होगा जब वोट की पवित्रता बनी रहेगी.

कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। नारेबाजी और जनसभा के बीच अभियान की आधिकारिक शुरुआत हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पन्ना जिले में यह आंदोलन लगातार कई दिनों तक चलाया जाएगा, और हस्ताक्षर एकत्र कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपे जाएंगे.

पन्ना में शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में पूरे जिले में फैलने वाला है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विश्वास है कि इस पहल से आम जनता का ध्यान लोकतंत्र की चुनौतियों और चुनावी पारदर्शिता की ओर जाएगा.

Advertisements
Advertisement