छत्रपति संभाजी महाराज पर नहीं हटाया विवादित कंटेंट, विकिपीडिया के 4 संपादकों पर FIR

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से छत्रपति संभाजी महाराज पर लिखे गए आपत्तिजनक कंटेंट न हटाने पर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने विकिपीडिया के चार संपादकों पर मामला दर्ज किया है. उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है. इस विवाद पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाराजगी जताते हुए तोड़-मरोड़ कर गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था.

मामला दर्ज होने से पहले नोडल एजेंसी ने विकिपीडिया संचालित करने वाली कैलिफोर्निया स्थित ‘विकिमीडिया फाउंडेशन को नोटिस भेजा था, जो एक गैर लाभकारी संगठन है. नोटिस के जरिए विकिपीडिया से आपत्तिजनक सामग्री हटाने का अनुरोध किया गया था. नोटिस के बाद भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं हटाई गई, इसके बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने विकिपीडिया के चार संपादकों के खिलाफ केस दर्ज किया.

विकिपीडिया पर प्रकाशित की गई जानकारी गलत

महाराष्ट्र साइबर एजेंसी ने नोटिस में ”विकिमीडिया फाउंडेशन’ को बताया था कि छत्रपति संभाजी महाराज की विकिपीडिया पर प्रकाशित की गई जानकारी गलत है और इससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बन सकती है. बताया गया था कि मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज भारत में पूजनीय हैं.नोटिस में कहा गया था कि विकिपीडिया पर पोस्ट की गई जानकारी से उनके अनुयायियों में भी असंतोष पैदा हो सकता है.

विकिपीडिया के चार संपादकों पर केस

महाराष्ट्र साइबर एजेंसी ने नोटिस में बताया कि सामग्री हटाने के बारे में विकिमीडिया की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विकिपीडिया के चार संपादकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बताया गया है कि ये आपत्तियां संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित हिंदी फिल्म छावा की पृष्ठभूमि में आई हैं. यह फिल्म हाल ही में रिलीज हुई है. बतादें कि विकिपीडिया एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां कुछ खास लोग निशुल्क सामग्री पब्लिश कर सकते हैं. छत्रपति संभाजी महाराज लिखे गए कंटेंट पर मुख्यमंत्री ने भी गुस्सा जताया था. उनका कहना है कि जानकारी को गलत तरह से पब्लिश किया गया है.

Advertisements
Advertisement