Left Banner
Right Banner

रायपुर में रईसजादों का काफिला: नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी, महंगी गाड़ियों पर VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के रायपुर में रईसजादों के काफिले ने नेशनल हाईवे पर जमकर स्टंटबाजी की है। 15-20 महंगी कारों में लड़के तेज रफ्तार में मस्ती करते दिखे। कई गाड़ियों की छत और खिड़की पर युवक लटककर जानलेवा स्टंट करते नजर आए। जिसका वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि, इन युवकों में किसी एक युवक का जन्मदिन था। जश्न मनाने के लिए यह शहर के केनाल रोड से नेशनल हाईवे होते हुए आरंग की तरफ बढ़ गए। इस बीच वह सड़क पर लगातार नियमों का उल्लंघन करते रहे। लड़कों ने गाड़ियों के चारों इंडिकेटर चालू कर दिए।

तेज रफ्तार में गाड़ी लहराते हुए ड्राइविंग करने लगे। एक वीडियो में गाड़ी में पुलिस का सायरन भी बज रहा है। यह वीडियो 25 सितंबर के आसपास का है। जिसे बनाकर युवकों ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया है।

इंस्टाग्राम पर रील्स बनाकर डाली

लड़कों ने सड़क पर कर रहे पूरे हुड़दंगई का वीडियो बनाया, फिर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। रील्स अपलोड होते ही वायरल हो गई। इसमें कई लोग लाइक्स और कमेंट्स कर रहे हैं। इन युवकों का काफिला जिन सड़कों से गुजरा वहां रास्ते पर कई बड़े चौक-चौराहे और पुलिस थाने पड़ते हैं। जिनमें सिविल लाइन, खम्हारडीह और तेलीबांधा थाना शामिल है। लेकिन किसी ने भी इन्हें नहीं रोका।

वीडियो में हरियाणवी गैंगस्टर सॉन्ग दे रहा सुनाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई हरियाणवी गैंगस्टर सॉन्ग लगाए गए। जिसमें कैदी नंबर 302, रात के शिकारी जैसे गाने शामिल है। वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा है कि लड़कों ने अपना रसूख दिखाने के लिए नियमों को ताक पर रखकर बाकायदा वीडियो बनवाया फिर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने लड़कों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है।

सड़क पर केक काटने वाले गए थे जेल

वहीं, 18-19 सितंबर दरमियानी रात खरोरा नेशनल हाईवे पर आधा दर्जन लड़कों ने जन्मदिन मनाया। जिसमें सड़क पर लड़कों ने केक काटा, फिर जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान लड़कों ने सड़क पर कार भी खड़ी कर दी। जिस सड़क पर जाम की स्थिति बनती गई।

उन लड़कों ने भी इस पूरे हुड़दंगई का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही खरोरा पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया। जिसके बाद पुलिस ने 5 लड़कों के खिलाफ एक्शन लिया था।

Advertisements
Advertisement