Vayam Bharat

नक्सलियों की कायराना करतूत : बीजापुर में दो सगे भाइयों को अगवा कर की हत्या, मुखबिरी का लगाया आरोप

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने दो भाइयों की हत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव गुरुवार को जंगल में मिले हैं। बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने नक्सलियों द्वारा दोनों भाइयों की हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों का रस्सी से गला घोंट हत्या की गयी थी। उन्होंने बताया कि यह मामला तर्रेम थाना क्षेत्र का है। जहां छुटवाई गांव निवासी जोगा माड़वी और हूंगा माड़वी चचेरे भाई थे। एक दिन पहले ही नक्सली दोनों को अगवा कर ले गए थे। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने एक भाई पर पुलिस का मुखबिर होने और दूसरे पर पुलिस कैंप के लिए जमीन देने का आरोप लगाया था।

Advertisement

नक्सलियों की जन अदालत में सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों युवकों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद नक्सलियों ने शवों को गांव के ही जंगल में लाकर फेंक दिया था। सुबह इसकी जानकारी परिजनों को मिली। इसके बाद वे शवों को घर ले गए। बताया जा रहा है कि परिजनों पर ग्रामीण दोनों के शवों का जल्दी अंतिम संस्कार करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही उन्हें पुलिस के पास न जाने और प्राथमिकी दर्ज नहीं कराने की धमकी भी दी जा रही है।

गौरतलब है कि पुलिस के जवान और सुरक्षा बल इन दिनों बस्तर के जंगलों में नक्सलियों पर पूरी तरह से हावी नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही तलाशी, गश्ती और मुठभेड़ में बड़े पैमाने पर नक्सली और उनके बड़े नेता मारे जा रहे हैं। सरकार के निर्देश पर चले रहे इस नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली बौखला उठे हैं और यही वजह हैं कि वह निर्दोष, निरीह ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहे हैं।

Advertisements