अयोध्या में चमकी सहारनपुर की बेटियां, चित्रकूट मंडल को 5-0 से दी मात

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी अयोध्या में 8 सितंबर से 13 सितंबर 2025 तक आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में सहारनपुर की बालिका हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया. प्रतियोगिता में सहारनपुर की बेटियों ने चित्रकूट मंडल की टीम को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से पराजित किया. मैदान पर सहारनपुर की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. पहले हाफ में ही तीन गोल दागकर टीम ने बढ़त बना ली थी. इसके बाद दूसरे हाफ में भी लगातार दबाव बनाए रखते हुए दो और गोल किए और मुकाबले को अपने नाम कर लिया.

Advertisement1

पूरी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का संयम, खेल कौशल और टीमवर्क दर्शकों को बेहद प्रभावित कर गया. इस ऐतिहासिक जीत पर हॉकी सहारनपुर संघ में खुशी की लहर दौड़ गई. संघ के अध्यक्ष करण सिंह सैनी, आर.एस.ओ. राहुल चोपड़ा, हॉकी सचिव राहुल टॉक, सह सचिव मेनका टॉक, सुनील सैनी, उषा गर्ग, बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्जीव रंजन, विनय चौहान, डॉ. यासमीन राव, राहुल सैनी, मदन मोहन, योगेश्वर सरवान तथा हॉकी कोच प्रदीप शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी.

सभी ने टीम की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में सहारनपुर की बेटियां और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और मंडल का नाम रोशन करेंगी. खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए सभी गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि यह जीत आने वाली चुनौतियों को पार करने की दिशा में पहला कदम है. सहारनपुर की बेटियों ने साबित कर दिया है कि मेहनत और हौसला हो तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं.

Advertisements
Advertisement