Vayam Bharat

दोपहर में चली लू, शाम को ठंडी हवाओं से राहत: बिलासपुर में दिन और रात के तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत नहीं, 41.6 डिग्री रहा पारा

बिलासपुर में नौतपा खत्म होने के बाद अब तापमान में गिरावट आने लगी है। इसके बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को पारा 41.6 डिग्री रहा। लेकिन, दोपहर में गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग हलाकान होते रहे। हालांकि, प्रदेश के कई इलाकों में हुई बारिश के चलते देर शाम को ठंडी हवाएं चलने लगी और गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। शहर में मौसम का मिजाज बदलने के बाद अब दिन और रात के तापमान में गिरावट आ गई है।

Advertisement

शहर में चिलचिलाती धूप का कहर अब भी जारी है। तेज धूप और लू की स्थिति बनी हुई है। सुबह से लेकर दोपहर तक लोग भीषण गर्मी से हलकान होते रहे। हालांकि, अब हीटवेव जैसी स्थिति नहीं है। लेकिन, उमस भरी गर्मी ने हाल-बेहाल कर दिया है। दोपहर बाद बदली छाने के बाद उमस से राहत नहीं मिली। हालांकि, प्रदेश के कई शहरों में बारिश के चलते यहां मौसम में बदलाव देखने को मिला। फिर देर शाम ठंडी हवाएं चलने लगी, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई।

तीन दिन के भीतर तापमान में आई गिरावट
नौतपा के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शहर में 31 मई यानी नौतपा के अंतिम दिनों में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह सीजन का सबसे सर्वाधिक तापमान था। इसके दूसरे दिन एक जून को तापमान 44.8 और दो जून को पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले तीन दिनों में पांच से छह डिग्री तापमान कम हुआ है। फिर भी गर्मी कम नहीं हुई है। हालांकि, सोमवार को तापमान में और गिरावट आई और पारा 41.6 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं रात की बात करें तो एक जून को न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो उतर कर अब 27.8 डिग्री पर आ गया है। मौसम विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगले दो दिनों में और कमी आ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में चार जून को जिले के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने व वज्रपात होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में हल्के उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

Advertisements