छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डैम में डूबने से 2 सगी बहनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है सोमवार रात दोनों की अपने सौतेले भाई से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। जिसके बाद वे दोनों गुस्सा करते हुए घर से निकल गए। परिजन रात भर ढूंढते रहे लेकिन नहीं मिले।
घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, विंध्या जाटवर (19 साल) और उसकी छोटी बहन अंजली जाटवर (17 साल) विनोबा नगर क्षेत्र की रहने वाली है। मंगलवार सुबह पचधारी डैम में उनकी तैरती लाश मिली। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
आत्महत्या की आशंका
थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने कहा कि बहस के बाद दोनों घर से निकले। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बड़ी बहन आत्महत्या के लिए पानी में कूदी होगी, तब छोटी बहन उसे बचाने के लिए छलांग लगाई होगी और दोनों पानी से बाहर नहीं निकल सके। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
रात में ढूंढने पर पता नहीं चला
जानकारी के मुताबिक, बच्चियों के पिता नहीं है और मां हाउसवाइफ है। भाई मजदूरी करता है। मृतका बहनों की मां रत्ना जाटवर ने बताया कि रात में घर में सभी ने खाना खाया। इसके बाद भाई के साथ मामूली सी बहस हो गई।
इससे दोनों बहन रात में ही घर से निकल गए। सभी यह सोच रहे थे कि वे आ जाएंगे। कुछ देर बाद जब नहीं पहुंचे तो दोनों को ढूंढने की कोशिश भी की गई। दोनों रात भर नहीं आईं और सुबह ऐसी घटना की जानकारी मिली।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
आसपास के लोगों ने डैम में तैरती लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर और लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजन अभी शोकाकुल हैं इसलिए ज्यादा पूछताछ नहीं हो सकी है।