10 हजार का कर्ज बना जानलेवा, बड़े भाई की हत्या:सरगुजा में पैसा खर्च करने को लेकर दो भाइयों में खूनी संघर्ष, आरोपी छोटा भाई गिरफ्तार

सरगुजा जिले के पाकजाम गांव में खेती के लिए बड़े भाई द्वारा लिए गए 10 हजार रुपए का बैंक कर्ज जानलेवा बन गया। दोनों भाइयों के बीच कर्ज की रकम को खर्च करने को लेकर विवाद हो गया तो छोटे भाई ने बीती रात बड़े भाई पर जलती हुई लकड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई को रात करीब 3 बजे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, पाकजाम निवासी नईहर साय (36 वर्ष) ने कुछ दिन पहले खेती के काम के लिए बैंक से 10 हजार रुपए का केसीसी लोन लिया था। इस राशि को उसने अपने सबसे छोटे भाई संजय साय (30) को दे दिया था।उनके तीन भाइयों में नईहर साय सबसे बड़ा और संजय सबसे छोटा है। रोपाई का काम सोमवार को खत्म हो गया था।

देर रात विवाद, बड़े भाई पर जानलेवा हमला

नईहर साय ने बीती रात करीब 10 बजे खाना खाने के दौरान संजय साय से 10 हजार रुपए के खर्च का हिसाब मांगा। इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। विवाद से गुस्साए संजय ने जलती हुई लकड़ी से बड़े भाई नईहर के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया और भाग निकला।

लकड़ी के वार से नईहर बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने उसके चेहरे पर पानी डाला और उसे उठाने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद भी नईहर नहीं उठा तो परिजन देर रात करीब 3 बजे उसे लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। इलाज शुरू करने के साथ ही नईहर साय की मौत हो गई।

फरार छोटा भाई गिरफ्तार

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मंगलवार को नईहर साय के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया और शव को परिजनों को सौंप दिया गया। प्राइमरी ओपिनियन में डॉक्टर ने ब्रेन हेमरेज से नईहर साय की मौत होना बताया। दरिमा पुलिस ने मामले में संजय के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।

दरिमा थाना प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि आरोपी संजय साय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

मृतक नईहर साय के परिजनों ने बताया कि आरोपी संजय साय की शादी नहीं हुई है और वह भाइयों और माता-पिता के साथ घर में रहता है। परिवार खेती का काम करता है। घटना से परिवार के सदस्य सदमे में है।

Advertisements