-Ad-

दीपक बैज ने देवेंद्र को बताया PCC कार्यकारी अध्यक्ष:सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कुछ घंटों में किया डिलीट

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बता दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भाई देवेंद्र यादव को स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार।

Advertizement

सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के बाद सियासी पारा हाई है। बीजेपी ने पूछा कि इस नियुक्ति की जानकारी क्या सिर्फ दीपक बैज जी को ही है, क्या यह कांग्रेस के आलाकमान या गांधी परिवार के निर्देश पर किया गया है?।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का 14 जुलाई यानी आज जन्मदिन है। इस दौरान दीपक बैज को देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भैया दीपक बैज जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं !

इस पर दीपक बैज ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भाई @Devendra_1925 जी, आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार लिख दिया। अब ये ट्विट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।हालांकि कुछ घंटों के बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया गया।

बीजेपी ने पूछा– क्या यह गांधी परिवार का आदेश है ?

पोस्ट हटाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने पूछा कि इस नियुक्ति की जानकारी क्या सिर्फ दीपक बैज जी को ही है? क्या यह कांग्रेस के आलाकमान या गांधी परिवार के निर्देश पर किया गया?

उन्होंने आगे पूछा कि क्या इसकी जानकारी भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत को भी नहीं है? प्रदेश की जनता के बीच में ऐसे तमाम सवाल उठ रहे हैं ? कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई के बीच में जो कार्य दीपक बैज जी ने किया है, उसके बारे में विस्तृत जानकारी उन्हें प्रदेश की जनता को देनी चाहिए।

BJP वाले चुनाव में मतदाताओं को विनम्र श्रद्धांजलि दे रहे थे

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि BJP वालों को अपनी पार्टी के नेताओं के बयान को याद करना चाहिए। चुनाव के दौरान मतदाताओं को विनम्र श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भाषण में ये कह रहे हैं कि पहलगाम आतंकी हमला मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। ऐसे लोग हमें आईना न दिखाएं। खुद के गिरेबां में झांके। लिपिक त्रुटि हुई है, हम उसे स्वीकार करते हैं।

असल मायने में यह है कि दीपक बैज जी के आक्रामकता के आगे भाजपा के लोग भयभीत हैं। दीपक बैज जी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में लगातार साय सरकार की नाकामियों पर हमला कर रहे हैं। खाद-बीज को लेकर किसानों के लिए लड़ रहे हैं। युवाओं के लिए रोजगार की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिस प्रकार से अडानी को जंगल बेचा गया है और जंगल की कटाई हो रही है। बैज उसका विरोध कर रहे हैं।

Advertisements