उज्जैन रेंज के डीआईजी रात दो बजे पहुंचे शाजापुर के कोतवाली थाने, कानून व्यवस्था की ली जानकारी

उज्जैन रेंज डीआईजी नवनीत भसीन बीती रात करीब दो बजे अचानक कोतवाली थाने पहुंचे। यहां उन्होंने ड्यूटी स्टाफ से कानून व्यवस्था की जानकारी ली। थाने के रिकॉर्ड को भी देखा। हवालात में बंद संदिग्धों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ से पुलिस द्वारा डिजिटल रूप में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

सीटीएनएस, ई-रक्षक, ऑनलाइन फ्रॉड के बारे में की जाने वाली कार्रवाई आदि के बारे में पूछताछ की। डीआईजी भसीन ने बताया कि थाने में मौजूद स्टाफ ने संतोष जनक जानकारी दी। रिकॉर्ड भी अपडेट मिला। उन्होंने स्टाफ को मार्गदर्शन भी दिया। डीआईजी करीब आधे घंटे कोतवाली थाने में रुके।

औचक निरीक्षण किया जाता है

डीआईजी के थाने से रवाना होने के दौरान ही कोतवाली थाना टीआई संतोष वाघेला थाना पहुंच गए। चर्चा में डीआईजी भसीन ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर रेंज के जिलों के स्थान का औचक निरीक्षण किया जाता है।

इसी के तहत शनिवार रविवार की दरमियान वह शाजापुर जिले के कोतवाली थाना पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में तत्काल कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण है।

किसी भी व्यक्ति के खाते से ऑनलाइन ठाकुर द्वारा रुपए निकाल लिए जाने पर संबंधित बैंक से राशि होल्ड करवा दी जाती है। जिससे वह बदमाशों के खाते में नहीं पहुंच पाती है। स्टाफ को इस प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी थी। इसे लेकर उन्हें मार्गदर्शन भी दिया गया।

Advertisements
Advertisement