बिहार का चौथा एयरपोर्ट पूर्णिया अब जनता के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है। 15 सितंबर से यह एयरपोर्ट आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इंडिगो एयरलाइंस ने पूर्णिया और कोलकाता के बीच सीधी उड़ान की टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। यात्रियों के लिए यह सफर अब महज 70 मिनट में पूरा हो सकेगा। फ्लाइट सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन 15 सितंबर को करेंगे। पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरुआत से सीमांचल, सीमावर्ती पश्चिम बंगाल और नेपाल जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। इससे पहले इस एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए फ्लाइट सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी। अब कोलकाता के लिए नई सेवा जुड़ने से यात्री और व्यापारिक लोग दोनों लाभान्वित होंगे।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 7924 दोपहर 12.30 बजे पूर्णिया से रवाना होकर दोपहर 1.40 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहीं, वापसी की फ्लाइट संख्या 6ई 7925 दोपहर 2.30 बजे कोलकाता से उड़ान भरेगी और 3.40 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। इंडिगो ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। वर्तमान में पूर्णिया से कोलकाता का न्यूनतम किराया 3115 रुपये तय किया गया है।
पूर्णिया एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। इससे यात्रियों को समय की बचत के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी। एयरपोर्ट के संचालन से आसपास के जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए आर्थिक और पर्यटन क्षेत्र में भी लाभ होगा।