छतरपुर में शराब पार्टी से विवाद, किसान पर बोतल से हमला, दो लड़कियां फरार

छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में धुबेला पर्यटन स्थल पर शनिवार को शराब पार्टी के दौरान बड़ा विवाद हो गया। एक किसान ने पार्टी कर रहे युवक और दो लड़कियों को शराब पीने से रोका तो उन्होंने किसान पर बियर की बोतल से हमला कर दिया। किसान के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया।

घटना के बाद हंगामा मच गया। लोगों के जुटने पर दोनों लड़कियों ने खुद के कपड़े फाड़ लिए ताकि माहौल बिगाड़ सकें। आरोपियों ने स्कूटी से भागने की कोशिश की और रास्ते में एक शिक्षक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर भीड़ जमा होने पर झगड़ा और बढ़ गया।

पीड़ित किसान के भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि उनका भाई विनीत खेत जा रहा था, तभी उसने तालाब किनारे शराब पी रहे तीनों को टोका। इसी दौरान विवाद हुआ और विनीत पर हमला कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुष्पेंद्र ने बाइक से आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान हाथापाई भी हुई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो भी सामने आया।

पुष्पेंद्र ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो लड़कियों ने कपड़े फाड़कर उन पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने की धमकी दी। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जबकि दोनों लड़कियां मौके से फरार हो गईं।

नौगांव थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि एक युवक को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों लड़कियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Advertisements
Advertisement