Vayam Bharat

Summer Health Tips: क्या आप भी गर्मियों में बार-बार हो जातर हो बेहोश, जानें इससे कैसे बचें

देशभर में तेजी से बढ़ती गर्मी और लू के शरीर पर कई प्रकार के दुष्प्रभाव हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सभी लोगों को इन दिनों धूप और गर्मी से बचाव करते रहना चाहिए। जिन लोगों को पहले से ही किसी प्रकार की क्रोनिक बीमारी जैसे हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या हृदय रोगों की समस्या रही है उन्हें इन दिनों में और भी सावधान हो जाना चाहिए। लू के कारण अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा हो सकता है।

Advertisement

गर्मी के दिनों में आपने भी बेहोशी और चक्कर आने जैसे मामलों के बारे में जरूर सुना और देखा होगा। पर क्या आप जानते है कि आखिर ऐसा होता क्यों है और गर्मी के कारण कोई बेहोश हो जाए तो तुंरत क्या उपाय किए जाने चाहिए जिससे उसे किसी गंभीर समस्या से बचाया जा सके?

हीट स्ट्रोक के कारण होने वाली समस्या

हीट स्ट्रोक या गर्मी के कारण आने वाले चक्कर-बेहोशी की समस्या आमतौर पर तब होती है जब हमारे शरीर का तापमान कुछ प्रकार के बाहरी कारकों जैसे उच्च तापमान की प्रतिक्रिया में काफी बढ़ जाता है। अत्यधिक गर्मी के मौसम में बाहर रहने वाले, फील्ड में काम करने वाले या गर्मी के मौसम में बाहर खेलने-व्यायाम करने वाले लोगों में ये दिक्कत अधिक देखी जाती रही है।

क्यों होती है बेहोशी?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, गर्मी के दिनों में अधिक तापमान के संपर्क में आने के अलावा भी कुछ स्थितियां हैं जिनके कारण आपको चक्कर आने-थकान और बेहोशी की समस्या हो सकती है।

निर्जलीकरण यानी कि डिहाइड्रेशन इसका एक प्रमुख कारण है। शरीर से पसीने के रूप में पानी निकल जाने और उस अनुपात में पानी न पीने की स्थिति में डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है जिसमें बेहोशी होना एक प्रमुख लक्षण है। इसके अलावा अचानक से ठंड से गर्म या गर्म से ठंडी जगहों में जाने से शरीर के तापमान में होने वाले बदलाव के कारण भी बेहोशी-चक्कर आने की दिक्कत हो सकती है।

गर्मियों में चक्कर आने से कैसे बचें?

डॉक्टर द्वारा दिए गए कुछ सुझावों का पालन करके गर्मियों में चक्कर आने-बेहोशी से बचा जा सकता है।

पर्याप्त मात्रा में पानी पीना सुनिश्चित करें। पानी से भरपूर फलों-सब्जियों का भी सेवन जरूर करें।

अत्यधिक चाय या कॉफी पीने से बचें। इनसे निर्जलीकरण का खतरा हो सकता है।

ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) लेते रहें। शरीर के तरल पदार्थों को जल्दी से पूरा करने में इससे मदद मिल सकती है।

गर्मियों में नारियल पानी और नींबू पानी जैसे पेय का सेवन जरूर करते रहें।

बेहोशी होने पर क्या करें?

डॉक्टर बताते हैं, गर्मी के दिनों में बेहोशी-चक्कर आने का प्रमुख कारण शरीर की तापमान बहुत अधिक बढ़ जाना होता है। यदि कोई बेहोश हो जाए तो सबसे पहले शरीर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय करें। डिहाइड्रेशन के खतरे को कम करने के लिए तरल पदार्थ-पानी पिलाएं। इन उपायों से भी राहत न मिले तो तुरंत किसी डॉक्टर की मदद लें। समय पर उपचार न मिलने की स्थिति में लक्षणों को बिगड़ने और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा और अधिक हो सकता है।
जितना संभव हो सके सूरज के संपर्क में आने से बचें, खासकर दोपहर के दौरान।
सूती, ढीले-ढाले और हल्के कपड़े पहनें।

Advertisements