अलवर में बुजुर्ग महिला पर कुत्ते ने किया अटैक:1 मिनट तक लगातार हमला करता रहा, पैर में आए 7 टांके

अलवर के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के जावली गांव में 70 साल की बुजुर्ग महिला सुशीला देवी पत्नी श्यामलाल खंडेलवाल पर गुरुवार सुबह कुत्ते ने अटैक कर दिया। महिला के पैर में 7 टांके आए हैं। अब अलवर जिला अस्पताल में भर्ती है।

महिला की बहू दीपिका खंडेलवाल ने बताया कि मां सुशीला देवी सुबह घूमने गई थी। घर से थोड़ी ही दूर रास्ते में एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बुजुर्ग महिला ने खुद को बचाने की खूब मशक्कत की। काफी देर तक कुत्ते से जूझती रही।

कुत्ते ने करीब 1 मिनट तक नहीं छोड़ा। महिला के पैर व हाथ को काट लिया। बुजुर्ग के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। जिन्होंने आकर कुत्ते को भगाया। महिला के बाएं पैर में सात टांके आए हैं। दाएं हाथ पर भी काटा है।

गांव के लोगों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे व बुजुर्गों में दहशत है। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। प्रशासन का ध्यान नहीं है। पहले भी कुत्ते काटने की कई घटना हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो ऐसी घटनाएं फिर दोहराई जा सकती हैं।

Advertisements
Advertisement