छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जमीन विवाद और संपति हड़पने के लिए 2 युवकों ने एक 62 साल के एक बुजुर्ग की हत्या कर दी है। धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। खून से सना कपड़ा और हथियार को जंगल में छिपा दिया। वहीं ये नक्सली घटना लगे इसलिए गांव में घर के नजदीक ही उसकी लाश फेंक दी थी। अब दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।दरअसल, यह पूरा मामला अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलावाया गांव का है। वारदात 16 सितंबर 2025 को हुई है। इस गांव के रहने वाले बुजुर्ग बंडी कोर्राम (62) को गांव के ही दो युवक सुनील नेताम (30) और महेश कोर्राम (25) पहले कहीं लेकर गए थे। फिर शाम के समय उसे घर के पास ही धारदार हथियार से गले में वार कर मार दिए। वारदात के बाद से दोनों फरार थे।
विवेचना में खुला हत्या का राज
जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस को पता चला कि 2 युवकों का बुजुर्ग से जमीन को लेकर भी कुछ विवाद चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर सुनील नेताम को ढूंढकर पकड़ा। फिर उससे पूछताछ की गई। उसने हत्या का सारा राज खोल दिया। सुनील ने अपने एक और साथी महेश कोर्राम के बारे में भी पुलिस को बताया।
बेटे की भी हुई थी हत्या
जिसके बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। दोनों ने बताया कि, 3 साल पहले बुजुर्ग के बेटे की हत्या हो गई थी। जिसके बाद उसके संपति का कोई वारिस नहीं था। इसलिए उसकी जमीन, जायदात हड़पने के लिए उसकी हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुछ ही घंटे में सुलझाई गुत्थी
दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने बताया कि पहले नक्सली हत्या का अंदेशा लगाया जा रहा था। लेकिन हमने हत्या करने के तरीके से यह पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि ये नक्सली वारदात नहीं बल्कि आपसी रंजिश है। ASP ने कहा कि, पुलिस ने कुछ ही घंटे के अंदर हत्या की गुत्थ सुलझा दी है।