मैहर में कब्जा हटवाने गईं लेडी कॉन्स्टेबल और सिक्योरिटी गार्ड पर हमला हो गया। आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना मंगलवार दोपहर मैहर के बदेरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरेड़ा में RCCPL सीमेंट कंपनी की खदान की है।
जानकारी के अनुसार लखन पटेल ने मुआवजा मिलने के बाद भी खदान की जमीन खाली नहीं की थी। सिविल कोर्ट के बेदखली आदेश के बाद भी वह नहीं माना।
मंगलवार को कंपनी प्रबंधक, सिक्योरिटी गार्ड, राजस्व विभाग और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जेसीबी से मकान को गिराया गया। इस दौरान परिवार की एक बुजुर्ग महिला ने महिला कॉन्स्टेबल पूर्णिमा सिंह पर डंडे से हमला कर दिया। आरक्षक के सिर से खून बहने लगा।
इसी दौरान लखन की बहू ने महिला सिक्योरिटी गार्ड उमा दाहिया को दांतों से काट लिया। दोनों घायलों का मौके पर मौजूद एम्लेंबुस में उपचार किया गया।
रिपोर्ट में सास-बहू के नाम नहीं
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि खदान क्षेत्र में केवल एक मकान था। न्यायालय के आदेश एवं ब्लास्टिंग के दौरान दुर्घटना की आशंका के चलते अतिक्रमण हटाया गया। पुलिस ने लखन पटेल समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। लेकिन उनके नाम अभी पता नहीं चले हैं। पता चला है कि दोनों सास-बहू हैं। जांच के बाद उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।