जयपुर में हाथियों की बुफे पार्टी,62 लाख की ज्वेलरी पहनी:रैंप वॉक की, हथिनी ‘जोनाली’ ने बर्थडे पर काटा केक,VIDEO

विश्व हाथी दिवस पर मंगलवार शाम को जयपुर के हाथी गांव में अनोखा फैशन शो हुआ। इसमें 15 हाथियों ने चांदी के गहने और पारंपरिक पोशाक पहन कर 50 मीटर लंबे रैंप पर वॉक की।

इकलौते मेल हाथी ‘बाबू’ ने 62 लाख की ऐतिहासिक ज्वेलरी पहन शो की शुरुआत की। बाबू को राजा-महाराजाओं के जमाने की चांदी से बनी श्री, कंठा और पायजेब पहनाई गई थी।

बाबू के साथ ही हाथी गांव की सबसे फेमस हथिनी हेमा वन्य जीव प्रेमियों के बीच पहुंची। हेमा के महावत ने भी राजस्थानी पोशाक पहनी।

हथिनी पुष्पा और चंदा ने भी शाही अंदाज में सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान हथिनी जोनाली का 18वां बर्थडे सेलिब्रेट किया गया। हथिनी ने अपनी सूंड से केक काटा।

सभी हाथियों ने बुफे में सामूहिक भोजन किया। इसमें केला, सेब, ब्रेड, गन्ना, खीरा परोसे गए।

50 मीटर लंबे कार्पेट पर वॉक की हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने बताया- फैशन शो में 15 हाथियों ने पारंपरिक ज्वेलरी और पोशाक पहनकर 50 मीटर लंबे कार्पेट पर वॉक की।

हाथी गांव के सबसे फेमस 18 साल के हाथी बाबू ने 62 लाख रुपए की चांदी से बनी ऐतिहासिक ज्वेलरी पहन रैंप वॉक की शुरुआत की। हथिनी हेमा, पुष्पा और चंदा ने भी पारंपरिक पोशाक व ज्वेलरी पहन बाबू के साथ वॉक की।

बल्लू खान बताया- हाथी गांव के हाथियों ने देसी और विदेशी मेहमानों का खास ढंग से स्वागत कर रखा है। इनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, भारत के पॉलिटिशियन और बॉलीवुड सितारे भी शामिल हैं।

हथिनी ने काटा केक महावत आसिफ खान ने बताया- हाथी गांव की लाडली हथिनी जोनाली का बर्थडे भी सेलिब्रेट किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और वन्य जीव प्रेमियों की मौजूदगी में जोनाली ने बर्थडे केक काटा। इस दौरान हाथियों के लिए विशेष डाइट भी परोसी गई। सभी हाथियों ने एक साथ भोजन किया।

उन्होंने बताया- पहले हमारी थीम हाथियों को पारंपरिक रंगों से सजाने की थी। लेकिन आखिरी वक्त पर थीम को बदल गया। उन्हें बिल्कुल नेचुरल थीम पर सजाया गया। इसे देख हाथी गांव आने वाले सैलानी और वन्य जीव प्रेमी खासे उत्साहित नजर आए।

Advertisements